हल्द्वानी से भाजपा का मिशन-2027 शुरू, नितिन नवीन ने दिया जीत का मंत्र, बोले- बूथ मजबूत करो, 2027 में लगेगी हैट्रिक

Blog
 Image

उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कस ली है। बुधवार को रामपुर रोड स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आई। प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच मुख्य अतिथि व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह फूंका। बैठक से स्पष्ट संदेश गया कि भाजपा कार्यकर्ता-आधारित संगठन के बल पर 2027 के चुनावों में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए तैयार है।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 की आहट के साथ भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। बुधवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने आगामी चुनाव की तैयारियों का स्पष्ट रोडमैप सामने रखा। प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए बूथ और मंडल स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में वक्ताओं ने साफ संदेश दिया कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले संगठन को बूथ स्तर तक पूरी तरह सक्रिय करना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा में राजनीति सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि साधना, त्याग और तपस्या है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास को प्राथमिकता देकर काम कर रही है और भाजपा ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत के साथ आगे बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि बूथ और मंडल को मजबूत करना होगा। संघर्ष और परिश्रम के बल पर ही वर्ष 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। नितिन नवीन ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर कांग्रेस बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने देश की जनसांख्यिकी को प्रभावित करने वाली नीतियों को बढ़ावा दिया। भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की ताकत को बूथ स्तर तक पहुंचाते हुए जनता के बीच सरकार के कार्यों और योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। सरकार ने जो कहा, उसे पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने चारधाम, ऑलवेदर रोड, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनना तय है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कांग्रेस पर सनातन धर्म और संस्कृति के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर सहित हिंदू आस्था से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का रवैया नकारात्मक रहा है और अब चुनाव नजदीक आने पर शुद्धिकरण जैसे मुद्दों के जरिए लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक रूप से मजबूत है और पन्ना प्रमुख स्तर तक कार्यकर्ताओं का नेटवर्क मौजूद है। विस्तारित कार्यसमिति में आगामी चुनाव तक के कार्यक्रम, बड़े आयोजनों और वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली ने दावा किया कि प्रदेश का युवा भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने का काम किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं और बेरोजगारों के नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि भाजपा ने वन रैंक-वन पेंशन लागू कर पूर्व सैनिकों का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भाजपा के साथ हैं। राज्य सरकार द्वारा सैनिकों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा फिर मजबूत बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि भाजपा में दलित समाज सुरक्षित है और पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर शुद्धिकरण के नाम पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि चुनाव से पहले आयोजित यह विस्तारित कार्यसमिति महत्वपूर्ण है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देगा। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ से लेकर शीर्ष स्तर तक मजबूत है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हर कार्यकर्ता 2027 के लिए कार्ययोजना लेकर जाएगा। कैबिनेट मंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और राष्ट्रीय अध्यक्ष के देवभूमि पहुंचने से चुनावी तैयारियों को नई ऊर्जा मिली है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कार्यसमिति को आगामी चुनाव का आगाज बताया। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं सांसद अनिल बलूनी ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों के बाद राज्य में सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। दिल्ली से देहरादून की यात्रा के समय में कमी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज जिस विकास की कल्पना की जा रही है, वह पहले संभव नहीं लगती थी। बलूनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस कथन का उल्लेख किया कि भाजपा का स्वर्णिम काल अभी आना बाकी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का स्वर्णिम काल तब आएगा, जब पार्टी वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार रिकॉर्ड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कुल मिलाकर हल्द्वानी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति ने भाजपा की चुनावी रणनीति का संकेत साफ कर दिया है। सरकार अपने विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएगी, संगठन बूथ स्तर पर ताकत बढ़ाएगा और वरिष्ठ नेता कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज करेंगे। बैठक से निकला संदेश यही रहा कि मिशन-2027 के लिए भाजपा ने अभी से चुनावी बिगुल बजा दिया है।