हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित बंदी छोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मलीन भूरि वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और धार्मिक संस्थाओं व संतों के योगदान को सराहा। कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर उत्तराखंड के युवाओं और नकल विरोधी कार्रवाई को लेकर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित बंदी छोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है और बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलीन भूरि वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संत समाज और धार्मिक संस्थाओं ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थानों पर पहुंचना भी सद्गुरु की कृपा से संभव होता है। संतों ने अपने जीवन को तपाकर समाज और राष्ट्र को सही दिशा दिखाने का काम किया है। संसद में विपक्ष के हंगामे और राहुल गांधी की भूमिका पर सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस नेता की कुंठा और हताशा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी आज भी सामंतवादी सोच से बाहर नहीं निकल पाए हैं। धामी ने कहा कि कुछ लोग लंबे समय तक देश की सत्ता पर अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते रहे, लेकिन अब साधारण परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही है। इसी वजह से विपक्ष में बेचैनी दिखाई दे रही है। उत्तराखंड में नकल विरोधी कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल कानून बनाया गया है। इसके तहत 100 से अधिक आरोपितों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। धामी ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के लंबे शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं बनाए गए। पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने के लिए सीमा बंदी के मुद्दे पर धामी ने कहा कि देश की जनता तुष्टिकरण की राजनीति को नकार रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार वाले राज्यों में विकास योजनाएं तेजी से जमीन पर उतर रही हैं और तुष्टिकरण के बजाय सभी वर्गों के लिए काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के बयान से साफ है कि उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं, रोजगार और नकल विरोधी अभियान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव आगे भी तेज हो सकता है।

