चोट के कारण नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स 2026 से बाहर

Blog
 Image

नागोया। जापान के आइची-नागोया में शनिवार को 20वें एशियन गेम्स का आधिकारिक आगाज हो गया। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह के साथ ही एशिया के सबसे बड़े बहु-खेल आयोजनों में शामिल इस प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत हुई। समारोह में 45 देशों के खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए। इसके साथ ही अब पदकों के लिए खिलाड़ियों के बीच मुकाबले का सिलसिला तेज हो गया है। उद्घाटन समारोह में जापानी संस्कृति, एशियाई एकता और खेल भावना का शानदार मेल देखने को मिला। समारोह की आधिकारिक थीम ‘Heart Beat Aichi-Nagoya’ रही, जिसमें खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों, दर्शकों, मेजबान शहर और पूरे एशिया के बीच जुड़ाव को प्रदर्शित किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान जापान के सम्राट नारुहितो ने एशियन गेम्स 2026 के आधिकारिक उद्घाटन की घोषणा की। इसके साथ ही आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स ने औपचारिक रूप से अपना सफर शुरू कर दिया। समारोह में ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी ने भी खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित किया। आइची प्रीफेक्चर के गवर्नर ओमुरा हिदेआकी ने जापानी भाषा में उपस्थित लोगों का स्वागत किया। पूरे समारोह में जापान की संस्कृति और एशियाई देशों की साझा खेल भावना की झलक देखने को मिली।

भारत की ओर से ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत ने उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व किया। दोनों ने हाथों में तिरंगा थामकर भारतीय खिलाड़ियों के दल की अगुआई की। स्टेडियम में भारतीय दल की एंट्री के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों में खास उत्साह नजर आया। पवन सेहरावत को अंतिम समय में भारत का पुरुष ध्वजवाहक बनाया गया। इससे पहले यह जिम्मेदारी शॉटपुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को दी गई थी, लेकिन आधिकारिक किट और यात्रा से जुड़ी परिस्थितियों के कारण उन्हें समारोह में शामिल नहीं होना पड़ा। भारत इस बार 503 खिलाड़ियों के दल के साथ 36 खेलों में चुनौती पेश कर रहा है। मनु भाकर निशानेबाजी में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी।

उद्घाटन समारोह का प्रमुख आकर्षण परेड ऑफ नेशंस रही। अलग-अलग देशों के खिलाड़ी अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ स्टेडियम में पहुंचे। खिलाड़ियों की इस परेड ने एशिया की विविधता को एक मंच पर ला दिया। मेजबान जापान के दल की एंट्री के साथ देशों की परेड का समापन हुआ। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उद्घाटन समारोह खेल भावना तथा एशियाई एकता के संदेश के साथ आगे बढ़ा। भारतीय एथलेटिक्स के स्टार नीरज चोपड़ा इस बार एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। टखने के लिगामेंट में चोट के कारण उन्हें प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने नागोया पहुंचे भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और भारतीय दल का समर्थन जारी रखने की बात कही। चोपड़ा ने कहा कि एशियन गेम्स से दूर रहना उनके लिए मुश्किल है। वह बाहर से भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करेंगे और उन्हें शानदार प्रदर्शन के साथ अपनी खास यादें बनाने की शुभकामनाएं दीं। चोपड़ा ने इससे पहले 2018 और 2023 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीते थे। इस बार उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद भारतीय दल में कई प्रमुख खिलाड़ी पदक की चुनौती पेश कर रहे हैं।