नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक तालकटोरा स्टेडियम में 'My Home India' संस्था द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक महोत्सव “NeST Fest-2026” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों से आए हजारों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का देवभूमि उत्तराखंड की ओर से सहृदय स्वागत किया और इस सफल आयोजन के लिए आयोजक टीम को शुभकामनाएं दीं। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए देश के समस्त गुरुओं को बधाई दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में My Home India की ओर से आयोजित “NeST Fest-2026” में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र-छात्राओं और युवाओं का उत्तराखंड की ओर से स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए आयोजक टीम को बधाई दी। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्होंने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश की उस युवा शक्ति के प्रतिनिधि हैं, जिनमें बड़े से बड़े सपनों को साकार करने का साहस और सामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि NeST Fest केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है। सीएम धामी ने उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के बीच कई समानताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों क्षेत्रों के रहन-सहन, पहाड़ी परिवेश और भौगोलिक परिस्थितियों में काफी समानता है। ऐसे आयोजन दोनों क्षेत्रों के युवाओं को एक-दूसरे को समझने और आत्मीय संबंध मजबूत करने का अवसर देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश के विभिन्न हिस्सों के बीच भावनात्मक एकता का सेतु बन रहा है। माई होम इंडिया की ओर से पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने का प्रयास राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत कर रहा है। यही भावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारतीय संस्कृति के उस चमकते हुए मुकुट की तरह है, जिसके बिना भारत की विविधता और सुंदरता अधूरी है। सामरिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है और देश की सुरक्षा में सशक्त प्रहरी की भूमिका निभाता है। मुख्यमंत्री ने पूर्वोत्तर से निकलीं महान प्रतिभाओं का जिक्र करते हुए मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्वर्गीय भूपेन हजारिका जैसी विभूतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाओं ने अपने परिश्रम और उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ाया है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर को हमेशा दिल के करीब रखा है और इसे देश के विकास का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन माना है। दशकों पुरानी ‘लुक ईस्ट’ नीति को आगे बढ़ाते हुए ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, गैस ग्रिड, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर खुले हैं। शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नए विद्यालय, मेडिकल कॉलेज और उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास संस्थान विकसित किए गए हैं। इससे पूर्वोत्तर के युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 में उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें देशभर के 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों की मशाल उत्तराखंड से पूर्वोत्तर भेजी गई है और विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर में होने वाले राष्ट्रीय खेल खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे। उत्तराखंड में शिक्षा प्राप्त कर रहे पूर्वोत्तर के छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से खूब पढ़ने, खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा का देशहित में उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है।

