govt-ads

व्यापारियों की परेशानी नजरअंदाज कर दुकानें बंद कराता है विपक्ष: सीएम धामी का गंभीर आरोप

Blog
 Image

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को रुद्रपुर में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा और जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। गांधी पार्क में जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को सनातन विरोधी, भ्रम फैलाने वाली और सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाली जमात करार दिया। सीएम ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस को असली संसद से बाहर कर दिया है, इसलिए वे अब 'मॉक संसद' का नाटक कर रहे हैं। विपक्ष की रणनीतियों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों की हालत '900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली' जैसी हो गई है। राहुल गांधी की 'मोहब्बत की दुकान' पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने अब इस दुकान को पूरी तरह घाटे में पहुंचा दिया है और विपक्ष की झूठ की दुकान भी बहुत जल्द बंद होने वाली है। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को 'न्याय यात्रा' निकालने के बजाय अपने दशकों के घोटालों और काले कारनामों के लिए 'प्रायश्चित यात्रा' निकालनी चाहिए।

सीएम धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के कथन को उद्धृत करते हुए कहा, "कांग्रेस जब सत्ता में होती है तो जनता के लिए खतरनाक साबित होती है और जब सत्ता से बाहर होती है तो देश के लिए खतरा बन जाती है।" उन्होंने राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने की कड़ी निंदा की। धामी ने कहा, उत्तराखंड वीरों की भूमि है। भारतीय सेना का हर पांचवां जवान इस धरती से आता है। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगना और सुरक्षा मामलों पर सवाल खड़ा करना उत्तराखंड के वीर जवानों और उनके परिवारों का खुला अपमान है। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरते हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलन के काले पन्नों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड में सात आंदोलनकारियों की जान गई थी, जबकि रामपुर तिराहा कांड में महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों के साथ अमानवीय अत्याचार हुए थे। तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए सीएम ने कहा कि उत्तराखंडी इस दर्द को कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुखिया ने उत्तराखंड के लोगों को 'घुसपैठिया' कहकर राज्य का अपमान किया है।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर हल्द्वानी रैली में कथित जिहादी नारों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। सीएम धामी ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि ऊधम सिंह नगर और उत्तराखंड विकास की तेज राह पर हैं। उन्होंने पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को मिली स्वीकृति, खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का शुभारंभ, एम्स के विस्तार और वर्षों से लंबित जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं दूर होने को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनावों में विपक्ष को पूरी तरह खारिज किया जाए।

जनसभा में हंगामा: फरियादी युवक को पुलिस ने रोका
कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई जब अपनी फरियाद लेकर एक युवक मुख्यमंत्री के मंच की ओर बढ़ने लगा। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को रोकते हुए पीछे धकेल दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख बीजेपी जिलाध्यक्ष तुरंत मंच से नीचे उतरे और युवक को शांत कराकर उसकी समस्या सुनी।

शहर में निकली भव्य पदयात्रा
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा सहित वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में गांधी पार्क से विशाल पदयात्रा निकाली गई। यह यात्रा बाटा चौक, मुख्य बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची और वहां से वापस गांधी पार्क आकर संपन्न हुई। यात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के समर्थन में नारे लगाए।