रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में आज शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुट्टू के आटे से बने भोजन खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। इस दौरान एक के बाद एक करीब 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा है कि भोजन करने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी गंभीर शिकायतें शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। मामला रम्पुरा और सुभाष काॅलोनी से जु़ड़ा है। पीड़ितों में शामिल सौरव राठौर ने बताया कि खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही उन्हें, उनकी मां और बहन को तेज उल्टी और पेट दर्द की समस्या होने लगी। जैसे-जैसे हालत बिगड़ती गई, परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत अस्पताल का रुख किया। डॉक्टरों के अनुसार कुल 11 मरीजों में से 5 की हालत सामान्य होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि 6 मरीजों की स्थिति गंभीर होने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एमके तिवारी ने बताया कि सभी मरीजों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। शुरुआती जांच में कुट्टू के आटे के दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। इधर मामले में दुकानों पर छापेमारी भी की गयी है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कितनी निगरानी रखी जा रही है।
Trending
ओम पर्वत की अलौकिक सुंदरता के दर्शन के लिए बुकिंग शुरू, आदि कैलाश यात्रा का नया सीजन
रुद्रपुर केस: कुट्टू आटे के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
आर्थिक उन्नति के लिए डेटा गैप दूर करेगा और योजनाओं को बेहतर बनाएगा सर्वे
मिडिल ईस्ट तनाव से भारत से जुड़े प्रमुख एयर रूट प्रभावित
हल्द्वानी में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा घेरा कड़ा, कंट्रोल रूम को देनी होगी पल-पल की जानकारी
नवरात्रि आस्था: राष्ट्रपति मुर्मू ने मथुरा के पवित्र स्थलों का दौरा किया
उत्तराखंड में श्रमिकों के लिए काम के घंटों का निर्धारण, 10 घंटे की सीमा और साप्ताहिक विश्राम अनिवार्य
उत्तराखंड प्रशासन हाई अलर्ट पर: मौसम विभाग की चेतावनी के बाद एसडीआरएफ की टीमें तैनात