Apr 09, 2026

भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड की ओर कदम: किच्छा में घूसखोर उद्यान निरीक्षक को विजिलेंस ने पकड़ा

post-img

किच्छा। उत्तराखंड विजिलेंस टीम ने गुरुवार को किच्छा में एक बड़े भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई करते हुए ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

शिकायतकर्ता,(जो लकड़ी का ठेकेदार है), ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह पिछले 5-6 वर्षों से यह कार्य कर रहा है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से उनके निजी आम के 16 पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों को काटने की अनुमति लेने के लिए ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे ने 12,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप का गठन किया। टीम ने शिकायतकर्ता के साथ मिलकर पूरे मामले की निगरानी की और जब बादल पांडे ने रिश्वत की राशि ले ली, तब उन्हें उनके कार्यालय से ही रंगे हाथों पकड़ लिया गया। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताई जा रही है। विजिलेंस विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम जनता को किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी की शिकायत सीधे टोल फ्री नंबर 1064 पर करने की अपील की गई है। गिरफ्तार आरोपी बादल पांडे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और कहा कि प्रशासनिक स्तर पर हो रही रिश्वतखोरी को रोकने के लिए ऐसे एक्शन बहुत जरूरी हैं।