देहरादून। उत्तराखंड की शांत वादियों में इन दिनों 'मुंबई वाली पार्टी' ने सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुँचा दिया है। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ यह विवाद अब व्यक्तिगत आरोपों से निकलकर पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए 24 साल पुराना पूरा किस्सा सुनाकर सनसनी फैला दी है। गोदियाल ने न केवल चैंपियन के आरोपों का जवाब दिया, बल्कि इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का नाम घसीटते हुए उन्हें 'सच' सामने रखने की चुनौती दे डाली है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे नोट उड़ाते नजर आ रहे थे। इस वीडियो पर जब आलोचना शुरू हुई, तो चैंपियन ने पलटवार करते हुए एक और वीडियो जारी कर दिया। इस वीडियो में उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया कि गोदियाल उन्हें नवी मुंबई के एक डांस बार में ले गए थे। चैंपियन का आरोप है कि वहां बार बालाओं का डांस हुआ था और हरक सिंह रावत ने डांस फ्लोर पर ठुमके लगाए थे, जबकि वे खुद 'धर्मेंद्र' की तरह केवल शो देख रहे थे। चैंपियन ने खुद को चरित्रवान बताते हुए खानपुर विधायक उमेश शर्मा पर भी गंभीर आरोप जड़े।
इन आरोपों पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बेहद बेबाकी से जवाब दिया है। गोदियाल ने स्वीकार किया कि वह पार्टी हुई थी, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि उसमें कुछ भी अनैतिक नहीं था। गोदियाल ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा, "उस पार्टी में केवल कांग्रेस के ही नहीं, बल्कि भाजपा के भी विधायक शामिल थे। वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उस दौरान हमारे साथ थे। वह इस बात का सबसे सही जवाब दे सकते हैं कि वहां क्या हुआ था।" गोदियाल ने बताया कि यह वाकया 24 साल पुराना है। उन्होंने कहा कि कुंवर प्रणव चैंपियन के बार-बार अनुरोध करने पर ही वे उन्हें उस क्लब में लेकर गए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज जिनके मन को रखने के लिए वे उन्हें पार्टी में ले गए थे, वही लोग 24 साल बाद तोहमत लगा रहे हैं। पार्टी के भीतर के दृश्यों का वर्णन करते हुए गोदियाल ने कहा कि उस क्लब में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के विधायक मौजूद थे। इसमें छुपाने जैसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा, "वहां कई ऐसे विधायक थे जिन्होंने केवल खाना खाया और अपनी मर्यादा में रहे, वहीं कुछ ऐसे भी थे जिन्होंने उत्साह में आकर डांस फ्लोर पर डांस किया। इसमें कुछ भी गलत या अपराध जैसा नहीं है।" उन्होंने चैंपियन के आरोपों को 'नादान की पहचान, जी का जंजाल' वाली कहावत से जोड़ते हुए दुख जताया कि इतने सालों बाद इस सामान्य घटना को आक्षेप के रूप में पेश किया जा रहा है। अब पूरी राजनीति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के इर्द-गिर्द घूम रही है। गणेश गोदियाल द्वारा उनका नाम लिए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या भाजपा अध्यक्ष इस पर कोई सफाई देंगे? गोदियाल ने स्पष्ट कहा है कि महेंद्र भट्ट उस रात के प्रत्यक्षदर्शी हैं और उन्हें जनता के सामने आकर सच बताना चाहिए। इस विवाद ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड की सियासत में 'चरित्र' और 'मर्यादा' को लेकर वार-पलटवार का दौर और तेज होने वाला है। जहां चैंपियन खुद को पाक-साफ बता रहे हैं, वहीं गोदियाल ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को ही इस विवाद की गवाही के लिए खड़ा कर दिया है।